February 10, 2026

शीघ्र न्याय दिलाने के लिए देश में 848 फास्ट ट्रैक कोर्ट कार्यरत।

दिल्ली, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा पहली दिसंबर 2023 को जारी किये गए कारावास सांख्यिकी भारत-2022 के अनुसार, 31 दिसंबर 2022 तक देश में 4,34,302 कैदी विचाराधीन हैं। शीघ्र न्याय दिलाने के लिए देश में 848 फास्ट ट्रैक कोर्ट कार्यरत हैं। केन्द्रीय कानून एवं न्याय तथा संस्कृति एवम् संसदीय कार्य राज्‍य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने यह जानकारी आज राज्यसभा में सांसद द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।

केन्द्रीय राज्‍य मंत्री ने बताया कि, 14वें वित्त आयोग ने जघन्य प्रकृति के विशिष्ट मामलों, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्‍यांग व्यक्तियों, अन्त्य रोग से पीडि़त व्यक्तियों और लाइलाज बीमारियों से पीड़ित एवं संपत्ति संबंधित 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों की शीघ्र सुनवाई के लिए 2015 से 2020 के दौरान 1800 फास्ट ट्रैक कोर्ट (एफटीसी) की स्थापना की सिफारिश की थी। एफसी ने राज्य सरकारों से इस उद्देश्य के लिए कर हस्तांतरण (32 प्रतिशत से 42 प्रतिशत) के माध्यम से उपलब्ध बढ़े हुए राजकोषीय वित्‍त का उपयोग करने का आग्रह किया था। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों से वित्तीय वर्ष 2015-16 से एफटीसी की स्थापना के लिए धन आवंटित करने का भी आग्रह किया है।

शीघ्र न्याय दिलाने के लिए देश में 848 फास्ट ट्रैक कोर्ट कार्यरत हैं । उच्च न्यायालयों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, 31 अक्‍टूबर, 2023 तक देश में 848 एफटीसी कार्यरत हैं। एफटीसी के अलावा, आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 2018 के अनुसरण में, भारत सरकार ने केंद्र प्रायोजित योजना के अंतर्गत बलात्कार और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉस्‍को) अधिनियम, 2012 से संबंधित मामलों की शीघ्र सुनवाई और निपटान के लिए विशेष पॉस्‍को अदालतों सहित फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों की स्थापना के लिए अगस्त, 2019 में एक योजना को अंतिम रूप दिया। विभिन्न उच्च न्यायालयों द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर, 2023 तक, 412 विशिष्ट पॉस्‍को सहित 758 एफटीएससी (ई-पॉस्‍को) अदालतें देश भर के 30 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में संचालित हैं, जिन्होंने 2,00,000 से अधिक मामलों का निपटारा किया है। वर्तमान में, विचाराधीन कैदियों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

विचाराधीन कैदियों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के संबंध में न्याय विभाग में कोई अलग से सुझाव/प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, केंद्र सरकार ने बजट 2023-24 की प्रस्तुति के दौरान बजट घोषणा के तहत प्रत्येक वर्ष 20 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान के साथ राज्य सरकारों के माध्यम से ‘निर्धन कैदियों को जुर्माना भरने और छूट प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने की योजना’ तैयार की है।

श्री मेघवाल ने कहा कि, भारत सरकार ने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) में धारा 436-ए को जोड़ा है, जिसके तहत किसी भी कानून के अंतर्गत अपराध के लिए निर्धारित कारावास की अधिकतम अवधि की आधी अवधि की सजा काटने के बाद एक विचाराधीन कैदी को जमानत पर रिहा करने का प्रावधान है। सीआरपीसी में “अध्याय-XXIA” को जोड़ते हुए “प्ली बार्गेनिंग” की अवधारणा भी प्रस्‍तुत की गई, जो प्रतिवादी और अभियोजन पक्ष के बीच मुकदते से पहले वार्ता की सुविधा प्रदान करती है।

“इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम” के साथ एकीकृत एक “कारावास प्रबंधन एप्लिकेशन” (ई-प्रिज़न सॉफ्टवेयर) पेश किया गया है जो राज्य के कारावास अधिकारियों को कैदियों के डेटा को संरक्षित रखने के साथ-साथ शीघ्र और कुशल तरीके से उन कैदियों की पहचान करने की सुविधा प्रदान करता है। यह “अंडरट्रायल कैदी समीक्षा समिति (यूटीआरसी)” द्वारा विचार के लिए लंबित मामलों की पहचान करने में भी मदद करता है। सभी जिलों में यूटीआरसी की स्थापना की गई है जो त्रैमासिक बैठकें आयोजित करती हैं। 1 अप्रैल 2020 से 30 जून, 2023 की अवधि के दौरान, राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण  ने राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण  और जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण  के माध्यम से 32,612 यूटीआरसी बैठकों का आयोजन किया है,जिसके बाद 74,630 कैदियों को रिहा किया गया।

 

 

 

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.