June 30, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच द्विपक्षीय मुलाकात: भारत 175 मिलियन डॉलर के विशेष इकोनॉमिक पैकेज की सेशेल्स के लिए पेशकश करेगा,

Delhi 09 February 2026,

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच सोमवार को हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत–सेशेल्स संबंधों, आर्थिक सहयोग और विकास साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के रिश्ते केवल राजनयिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हिंद महासागर की लहरें सदियों से दोनों देशों के लोगों को जोड़ती आ रही हैं।

बैठक के बाद संयुक्त बयान जारी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, सेशेल्स के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर मैं भारत के 140 करोड़ लोगों की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति हर्मिनी की यह पहली भारत यात्रा है और यह ऐसे शुभ अवसर पर हो रही है, जब सेशेल्स अपना 50वां स्वतंत्रता दिवस और भारत–सेशेल्स के राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये ऐतिहासिक पड़ाव दोनों देशों को निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने दोहराया कि भारत और सेशेल्स के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं हैं। हिंद महासागर के तटों पर दोनों देशों के बीच व्यापार फला-फूला, संस्कृतियों का आदान-प्रदान हुआ और विश्वास की परंपराएं समय के साथ और मजबूत होती गईं। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों देश आर्थिक सहयोग को और सुदृढ़ बनाने के लिए नए अवसरों की तलाश जारी रखने पर सहमत हुए हैं। लोकल करेंसी में व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ फिनटेक और डिजिटल समाधानों के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास साझेदारी भारत–सेशेल्स संबंधों की मजबूत नींव रही है और भारत के सभी प्रयास सेशेल्स की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं पर आधारित हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत 175 मिलियन डॉलर के विशेष इकोनॉमिक पैकेज की सेशेल्स के लिए पेशकश करेगा। यह पैकेज सोशल हाउसिंग, ई-मोबिलिटी, व्यवसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और मैरीटाइम सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में ठोस परियोजनाओं को समर्थन देगा। श्री मोदी ने कहा कि इन पहलों से सेशेल्स के लोगों, विशेषकर युवाओं, के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सेशेल्स के सिविल सर्वेंट्स की भारत में ट्रेनिंग के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के तहत भारत अपने सफल अनुभव सेशेल्स के साथ साझा करेगा, जबकि स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में आगे भी सहयोग करता रहेगा।

(इनपुट: आईएनएस)

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.