Delhi,25 July 2025
Monsoon Session: आज शुक्रवार को संसद के मानसूत्र सत्र का पांचवा दिन भी हंगामेदार रहा। सदन की कार्यवाही में सुबह से ही विपक्षी दलों के लगातार व्यवधान उत्पन्न करने के कारण राज्यसभा को सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
सत्र शुरू होने से पहले विपक्ष ने मकर द्वार के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूरे विपक्ष ने बिहार के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के पोस्टर और कार्ड फाड़े और उन्हें वहां पर रखे डस्टबिन में डाला।
लोकसभा में आज शुक्रवार को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सांसदों ने स्लोगन की तख्तियां दिखाई और नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। जिसपर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कहा कि असहमति जताने का यह तरीका ठीक नहीं है। उन्होंने सदन में हंगामा कर रहे सदस्यों से उनके निर्वाचन क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं का ध्यान रखने का आग्रह करते हुए कहा, ”हमारे पीछे 20-20 लाख लोग हैं जो बड़ी अपेक्षाओं से सदन को देखते हैं। उन्हें उम्मीद रहती है कि सदन में हमारे मुद्दों, हमारी आकांक्षाओं, हमारी चिंता पर चर्चा होगी। शोर शराबे के कारण लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
विपक्षी दलों द्वारा बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) ,आपरेशन सिंदूर सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा किए जाने की मांग को लेकर सदन के अंदर और बाहर परिसर में प्रदर्शन नारेबाजी कर लोकसभा और राज्यसभा, दोनों ही सदनों कार्यवाही को बाधित किया गया है। जिससे 21 जुलाई से प्रारंभ हुआ मानसून सत्र आज पांचवें दिन भी बाधित रहा।
सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सत्तापक्ष की ओर से पहल की गई। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने खुद मोर्चा संभाला और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता खरगे से मुलाकात की। इसके बाद ओम बिरला के नेतृत्व में सर्वदलीय बैठक हुई। जिसमें संसद चलने पर सहमति बन गई। सोमवार को ऑपरेशन सिंदूर के मुद्दे पर चर्चा होगी। इस मुलाकात के बाद किरेन रिजिजू और संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिले। इसके बाद लोकसभा में फ्लोर लीडर्स की मीटिंग हुई। लोकसभा में गतिरोध को खत्म करने और लोकसभा को सुचारू रूप से चलाने को लेकर चर्चा हुई।
भाजपा सांसद के. लक्ष्मण ने विकसित कृषि संकल्प अभियान पर अपना पूरक प्रश्न पूछा और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से जवाब मांगा। इस बीच विपक्षी सदस्यों ने एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए हंगामा फिर से शुरू कर दिया। लक्ष्मण के पूरक प्रश्न का जवाब देने के लिए खड़े हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह मुद्दा किसानों और महिलाओं के कल्याण से जुड़ा है, और वह इसका उत्तर देना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य यह है कि वैज्ञानिक अनुसंधान का लाभ किसानों को समय पर पहुंचे और इसी सोच के तहत विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है।
संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने मीडिया को बताया कि, सोमवार 28 जुलाई को लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और पहलगाम आतंकी हमले पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बहस के लिए कुल 32 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। 16 घंटे लोकसभा में एवं 16 घंटे राज्यसभा बहस होगी। सोमवार को लोकसभा में और उसके अगले दिन यानी मंगलवार को राज्यसभा में यह बहस होगी
यशवंत वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की पुष्टि करते हुए रिजिजू ने यह भी स्पष्ट किया कि न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को हटाने की प्रक्रिया लोकसभा में आरंभ की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि, इसमें किसी भी प्रकार की शंका नहीं होनी चाहिए।