December 13, 2025

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का महाराष्ट्र के लातूर में निधन: कांग्रेस ने किया शोक व्यक्त,

Maharashtra 12 December 2025,

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का लातूर में निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। शिवराज पाटिल ने आज शुक्रवार की सुबह लातूर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। शिवराज पाटिल ने इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी के मंत्री मंडल में शामिल रहे। शिवराज पाटिल 1980 में पहली बार लातूर से लोकसभा चुनाव जीते थे और 1999 तक लगातार जीत हासिल करते रहे। वे सात बार सांसद बने। इसके अलावा 1991 से 1996 के बीच वे लोकसभा के स्पीकर भी रहे। उन्होंने लोकसभा के 10वें स्पीकर के तौर पर काम किया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार के मंत्रिमंडल में शिवराज पाटिल वर्ष 2004 से लेकर 2008 तक देश के गृह मंत्री रहे। हालांकि, 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बाद उन्होंने 30 नवंबर, 2008 को देश की सुरक्षा में हुई चूकों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था।

महाराष्ट्र के लातूर जिले में 12 अक्तूबर 1935 को जन्मे शिवराज पाटिल का स्वभाव बिलकुल सरल था। उन्होंने कानून की पढ़ाई की। उन्होंने उस्मानिया यूनिवर्सिटी से साइंस से ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की। वह मराठवाड़ा के उस नए उभरते राजनीतिक वर्ग में शामिल हुए जिसने विकास, शिक्षा और सिंचाई को राजनीतिक बहस का केंद्र बनाने की कोशिश की। शिव महाराष्ट्र विधानसभा में 1967 में पहली बार विधायक बने। शांत स्वभाव और सधी हुई भाषा ने उन्हें शुरुआती दिनों से ही विशिष्ट बना दिया। बाद में वे लोकसभा पहुंचे और जल्दी ही संसद में अपनी शालीनता और दक्षता के लिए पहचाने जाने लगे।

पीएम मोदी ने जताया दुख

शिवराज पाटिल के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,”शिवराज पाटिल जी के निधन से व्यथित हूं। वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वे समाज कल्याण में योगदान देने के लिए उत्सुक थे। वर्षों से मेरा उनसे कई बार संपर्क रहा है, सबसे हाल ही में कुछ महीने पहले जब वे मेरे आवास पर आए थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों के साथ संसद भवन परिसर में आयोजित एक बैठक में पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल को भावभीनी श्रद्धांजलि भी दी। वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व लोकसभा स्पीकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को भारतीय राजनीति के लिए एक दुखद बताया है। दिवंगत पाटिल अपने सरल-सहज व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। शीतकालीन सत्र के दौरान पूर्व लोकसभा स्पीकर और पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर लोकसभा में श्रद्धांजलि दी गई।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.