April 8, 2026

ऋषिकेश में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला

तीर्थनगरी ऋषिकेश में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने तीन रसूखदार प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, शोषण का यह सिलसिला साल 2021 से चल रहा था।

महिला का आरोप है कि उसके पति के व्यापारिक साझेदार मनजीत जौहर, उसके बेटे मानव जौहर और उनके पार्टनर कुशाग्र शर्मा (रोमी) ने उसकी मजबूरी और पारिवारिक स्थिति का फायदा उठाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति इन आरोपियों को अपना ‘भगवान’ मानते थे और घर चलाने का जरिया बताते थे। आरोप है कि जनवरी 2022 में मनजीत जौहर ने घर में घुसकर पहली बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। सास को बताने पर भी कोई मदद नहीं मिली। फरवरी 2023 में पति खुद पीड़िता को एक पेंट हाउस में ले गया।

जहां मानव जौहर ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दरिंदगी की और अश्लील फोटो खींचे। इसके बाद कुशाग्र शर्मा (रोमी) ने उन तस्वीरों के जरिए पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू किया। उसे देहरादून और ऋषिकेश के विभिन्न होटलों में ले जाकर बार-बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अब तक चुप रहने की वजह बताते हुए कहा कि आरोपी उसे बार-बार उसके बीमार पिता और उसकी इकलौती बेटी को जान से मारने की धमकी देते थे। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी कहते थे कि उसके परिवार को ऐसी जगह ठिकाने लगा देंगे कि कोई ढूंढ नहीं पाएगा।

अंततः मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने अपनी बहन को आपबीती सुनाई, जिसके बाद हिम्मत जुटाकर वह पुलिस के पास पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ़ दुष्कर्म, गलत तरीके से बंधक बनाने और धमकाने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी कुशाग्र शर्मा (रोमी) को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों—मनजीत जौहर और मानव जौहर की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.