उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा व्यवस्था चाक-चौबंद, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष जोर
उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा 2026 को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रा मार्गों से लेकर धामों तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं, जिससे श्रद्धालु बड़ी संख्या में सुरक्षित और सहज रूप से दर्शन कर रहे हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। विभिन्न विभागों की टीमें लगातार यात्रियों को सहायता और सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।
प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम के वैकल्पिक पैदल मार्ग पर स्थित सुलभ इंटरनेशनल द्वारा संचालित शौचालय में लीकेज की शिकायत का तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए, जिसके बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य पूरा कर दिया।
प्रशासन ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में एक नया पिट निर्माणाधीन है, जिसका कार्य 2–3 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों और सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चारधाम यात्रा के दौरान दोनों धामों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रा मार्गों, पड़ाव स्थलों, पार्किंग क्षेत्रों और धाम परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही स्वच्छता अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं।
प्रशासन यात्रियों से भी अपील कर रहा है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और यात्रा मार्गों व धामों की पवित्रता को बनाए रखें।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी संबंधित विभागों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
