July 17, 2026

उत्तरकाशी: पिलंग गांव मोटर पुल निर्माण कार्य 15 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश

उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भटवाड़ी विकासखंड के अंतर्गत पिलंग गांव को जोड़ने वाले निर्माणाधीन 48 मीटर स्पान स्टील गार्डर मोटर पुल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पुल निर्माण कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप आगामी 15 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत रखने तथा आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.