June 22, 2026

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 28 जून से शुरू होगा संवाद अभियान

Congress

आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए व्यापक संवाद अभियान की घोषणा की है। सोमवार को देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अभियान की रूपरेखा साझा की।

प्रीतम सिंह ने बताया कि कांग्रेस 28 जून से प्रथम चरण का संवाद अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर कार्यकर्ताओं तथा आमजन से सीधा संवाद करेंगे और राज्य सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश को चार जोन में विभाजित किया गया है। पहले जोन में पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिले शामिल किए गए हैं, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को सौंपी गई है। दूसरे जोन में रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली जिले होंगे, जिसकी कमान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत संभालेंगे।

तीसरे जोन में उत्तरकाशी और टिहरी जिले शामिल हैं, जिसका नेतृत्व स्वयं प्रीतम सिंह करेंगे। वहीं चौथे जोन में अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा को दी गई है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं हरीश रावत और यशपाल आर्य को चारों जोन में स्वतंत्र रूप से अभियान चलाने की छूट दी गई है। दोनों नेता अपनी रणनीति के अनुसार किसी भी क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। संवाद अभियान के माध्यम से पार्टी जनभावनाओं को समझने के साथ-साथ सरकार के खिलाफ अपने मुद्दों को भी जनता तक पहुंचाएगी।

प्रीतम सिंह, अध्यक्ष, चुनाव अभियान समिति, कांग्रेस।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.