September 22, 2026

AI और साइबर सिक्योरिटी पर फोकस, मंत्री प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों को दिए आधुनिक तकनीक अपनाने के निर्देश

Meeting

प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आईटीडीए के डाटा सेंटर, साइबर सिक्योरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), यूकास्ट और साइंस सिटी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अत्याधुनिक तकनीकों से लैस होगा नया डाटा सेंटर

मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि बैठक में आईटीडीए के डाटा और साइबर सिक्योरिटी से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को नए डाटा सेंटर को अत्याधुनिक तकनीकों से लैस करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में AI का उपयोग केवल डाटा कलेक्शन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका इस्तेमाल विभिन्न क्षेत्रों में समस्याओं के समाधान और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाना चाहिए। अधिकारियों के साथ AI के व्यावहारिक उपयोग को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

साइंस सिटी और साइंस एंड इनिशिएटिव सेंटर की समीक्षा

मंत्री ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकास्ट) से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अल्मोड़ा और चंपावत में निर्माणाधीन साइंस सिटी तथा देहरादून में बन रहे साइंस एंड इनिशिएटिव सेंटर की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली।

उन्होंने कहा कि साइंस सिटी के तहत स्थापित की जा रही विभिन्न लैब का प्रदेश के विकास में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इन लैब के माध्यम से प्रदेश के बच्चों को मोबाइल ऐप के जरिए प्रैक्टिकल प्रशिक्षण और अन्य उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

पाइन वुड उत्पादों से स्वरोजगार पर जोर

बैठक में पाइन वुड से बनने वाले उत्पादों के स्थानीय स्तर पर उपयोग और इससे रोजगार के अवसर पैदा करने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि महिला समूहों और ग्रामीणों की भागीदारी से पाइन वुड का ईंधन और कोयले के रूप में उपयोग करने की संभावनाओं पर काम किया जा सकता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें।

आईटी कार्मिकों की अनिवार्य ट्रेनिंग के निर्देश

मंत्री ने आईटी क्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों के अनिवार्य प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों को AI और नई तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए, ताकि तकनीकी बदलावों के साथ विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के साथ साइबर सिक्योरिटी को मजबूत करना भी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

मंत्री प्रदीप बत्रा

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.