15 विभूतियों को मिला उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2026, अमित शाह और सीएम धामी ने किया सम्मानित
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में प्रदेश की 15 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मान प्रदान किया। सम्मानित होने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल स्वर्गीय भुवन चन्द्र खण्डूड़ी, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वंदना कटारिया और क्रिकेटर एकता बिष्ट समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल रहीं।
राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज और फिल्म जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में लोक जागर गायन के क्षेत्र में हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मान दिया गया। सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए पर्यावरणविद् सुरेश भाई तथा लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, धाविका अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और खिलाड़ी कपिल पोखरिया शामिल हैं।
राज्य सरकार की ओर से प्रदान किया जाने वाला उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदेश के विकास, सामाजिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, कला, संस्कृति, पर्यावरण और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को प्रोत्साहित करने की पहल है। इस सम्मान के माध्यम से न केवल विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वालों के योगदान को पहचान दी जाती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी समाज और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है।
