June 24, 2026

211 चयनित एकल महिलाओं को जल्द मिलेगी स्वरोजगार योजना की धनराशि: रेखा आर्या

Rekha Arya

प्रदेश की 211 चयनित एकल महिलाओं को स्वरोजगार योजना के तहत जल्द ही आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अब तक 484 महिलाओं को प्रथम किस्त की धनराशि जारी की जा चुकी है। इनमें से अधिकांश महिलाओं ने स्वरोजगार गतिविधियां शुरू कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि अब 211 अन्य चयनित महिलाओं को भी योजना का लाभ देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए शीघ्र ही एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री से समय देने का अनुरोध किया गया है और स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों को धनराशि वितरित की जाएगी।

रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एकल महिला स्वरोजगार योजना के नए आवेदन आमंत्रित करने हेतु अगस्त माह तक विज्ञप्ति जारी की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। एकल महिला स्वरोजगार योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

रेखा आर्या, कैबिनेट मंत्री

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.