पेपर लीक और भर्ती में देरी से युवाओं का भविष्य खतरे में: कांग्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज गहरे संकट के दौर से गुजर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत और उम्मीदें लगाने वाले छात्र बार-बार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी के कारण मानसिक तनाव, असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का सरकारी नौकरियों और परीक्षा प्रणाली से विश्वास लगातार कमजोर होता जा रहा है। मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी योग्यता साबित करने के बजाय व्यवस्था की खामियों से संघर्ष करना पड़ रहा है।
डॉ. गोगी ने कहा कि उत्तराखंड में भी भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार सामने आने वाले ऐसे मामलों से युवाओं का मनोबल टूट रहा है और उनके सपनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए, भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनहित में आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
जसविंदर गोगी, महानगर अध्यक्ष, कांग्रेस
