July 6, 2026

हरीश रावत की सक्रियता पर उत्तराखंड में सियासी बयानबाज़ी तेज, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

Politics

उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सक्रियता को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस से हरीश रावत की भूमिका और उनकी राजनीतिक सक्रियता पर सवाल उठाए हैं, जबकि कांग्रेस ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए भाजपा पर ध्यान भटकाने की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हरीश रावत की तस्वीर कांग्रेस के पोस्टरों से गायब दिखाई दे रही है और उनकी सक्रियता को लेकर जवाब कांग्रेस को देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी विकास कार्यों, संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियानों के दम पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और पार्टी आगामी चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि हरीश रावत इन दिनों स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, लेकिन वे राजनीति से दूर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं तथा लगातार संगठन को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं।

शीशपाल बिष्ट ने दावा किया कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आएंगे, हरीश रावत की राजनीतिक सक्रियता पहले से दोगुनी दिखाई देगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने अंदरूनी विवादों और मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस और उसके नेताओं पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है।

प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दोनों प्रमुख दलों के बीच बयानबाज़ी का दौर लगातार तेज होता नजर आ रहा है।

महेंद्र भट्ट प्रदेश अध्यक्ष भाजपा 

 शीशपाल बिष्ट प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.