July 6, 2026

नगर निगम के अभियान का असर, दून में बंदरों से लोगों को मिली राहत

Nagar Nigam

देहरादून शहर में बंदरों के आतंक से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष बंदर पकड़ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। निगम के अनुसार, शहर में बंदरों से जुड़ी शिकायतों में करीब 90 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई है।

नगर निगम के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. अग्रवाल ने बताया कि मार्च 2026 से शुरू किया गया बंदर पकड़ अभियान लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इसके तहत निगम की टीम हर महीने दो से तीन बार बंदर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करती है और तीन से चार दिनों तक सघन अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ती है।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए बंदरों को पूरी सुरक्षा के साथ नजदीकी जंगलों में छोड़ा जाता है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की हानि न पहुंचे और शहर में उनका आतंक भी कम हो सके।

डॉ. अग्रवाल के अनुसार, रेलवे स्टेशन, हनुमान चौक और खुरबुड़ा जैसे बंदर प्रभावित इलाकों में स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां इन क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिलती थीं, वहीं अब पार्षदों और स्थानीय नागरिकों की ओर से शिकायतों की संख्या काफी कम हो गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कई बार बंदर एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में चले जाते हैं, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से शिकायतें बढ़ सकती हैं। हालांकि, नगर निगम की टीम ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अभियान चलाती है।

नगर निगम का कहना है कि अभियान के उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं और भविष्य में भी इसे लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि शहरवासियों को बंदरों की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

डॉ. वी के अग्रवाल, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.