July 7, 2026

स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम और ग्रामीणों में विवाद, दोनों पक्षों ने दी तहरीर

villagers

रुड़की के पनियाला चंदापुर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। मामला उस समय बढ़ गया जब बिजली विभाग ने बकाया बिल का हवाला देते हुए एक उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काट दिया। इसके बाद ग्रामीण गंगनहर कोतवाली पहुंच गए और धरने पर बैठकर कार्रवाई की मांग करने लगे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की टीम स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान के तहत पनियाला चंदापुर गांव पहुंची थी। इसी दौरान एक घर में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि संबंधित उपभोक्ता पर करीब 11 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था। नियमानुसार बकाया राशि जमा न होने पर उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया।

वहीं, घर में मौजूद युवती ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। युवती ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विभागीय टीम का विरोध शुरू कर दिया।

दूसरी ओर, विद्युत विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि युवती के परिजनों ने टीम के साथ अभद्रता की और डंडों से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घटना के बाद ग्रामीण गंगनहर कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों और बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए उनकी शिकायतें सुनीं।

विद्युत विभाग की ओर से एसडीओ पंकज गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान विभागीय टीम के साथ अभद्रता की गई और मारपीट का प्रयास किया गया। वहीं, युवती ने भी विभागीय अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

पंकज गौतम (SDO विद्युत विभाग)

 

महक सिंह ( नेता भीम आर्मी )

पीड़ित युवती का भाई

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.