उत्तरकाशी: नालूपानी के पास भूस्खलन से सड़क बंद, मलबा हटाने में जुटा प्रशासन
उत्तरकाशी। जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब सड़क मार्गों पर भी दिखाई देने लगा है। नालूपानी के समीप भूस्खलन होने और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर संबंधित विभागों की टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया और राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम व प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। साथ ही यात्रियों से मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने का आग्रह किया गया है।
