रुड़की में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, ट्रैक्टर पर बैठकर जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचीं महापौर
देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रुड़की में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जबकि अनेक कॉलोनियों और गलियों में पानी घरों तक पहुंच गया है। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में रामपुर चुंगी समेत शहर के कई इलाके शामिल हैं, जहां सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। हालात का जायजा लेने के लिए रुड़की महापौर अनीता देवी अग्रवाल अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। रामपुर चुंगी क्षेत्र में सड़क पर अत्यधिक जलभराव होने के कारण महापौर को ट्रैक्टर पर बैठकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करना पड़ा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जल निकासी तथा राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय हैं और जहां भी जलभराव या नुकसान की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
महापौर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि लगातार हो रही बारिश एक प्राकृतिक आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न कर रही है। नगर निगम की पूरी टीम राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। जलभराव वाले सभी क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और पानी की निकासी के साथ-साथ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने भी क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
