लक्सर में तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाकर निकाला शव
हरिद्वार जिले के लक्सर स्थित खानपुर थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। मिर्जापुर गांव के तालाब में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों चले सर्च अभियान के बाद किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में लालचंदवाला निवासी 16 वर्षीय समद पुत्र नूर अली तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना की सूचना शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे रुड़की कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय पुलिस और परिजनों से जानकारी लेने के बाद टीम ने डीप डाइविंग और अन्य आधुनिक सर्चिंग तकनीकों की मदद से तालाब में व्यापक खोज अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने किशोर का शव तालाब से बरामद कर बाहर निकाला। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में तालाबों, नदियों और अन्य जलाशयों में सावधानी बरतने की अपील की है।
अनिल सुक्ला SDM लक्सर
