देहरादून: सपा का भाजपा-आरएसएस पर हमला, मंदिर प्रबंधन और भ्रष्टाचार को लेकर उठाए सवाल
देहरादून में समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की ओर से आयोजित एक प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला बोला। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरि और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता प्रो. भुवन जोशी ने प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, मंदिरों के प्रबंधन और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
प्रेसवार्ता के दौरान महंत शुभम गिरि ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद डिंपल यादव का मायका भी उत्तराखंड में है और प्रदेश के प्रति पार्टी का हमेशा भावनात्मक संबंध रहा है। उनका दावा था कि जब भी उत्तराखंड को आवश्यकता पड़ी, समाजवादी पार्टी ने हर स्तर पर सहयोग किया है।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों के कारण मंदिरों के प्रबंधन में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष को हटाकर सरकार केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही है, जबकि पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच कराई जानी चाहिए।
समाजवादी पार्टी ने मांग की कि मंदिरों के संचालन और प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि धार्मिक संस्थानों की गरिमा बनाए रखने के लिए जवाबदेही और पारदर्शिता बेहद आवश्यक है।
प्रो.भुवन जोशी, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता समाजवादी पार्टी
