हरेला पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
लोक पर्व हरेला के अवसर पर प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास परिसर में अपनी धर्मपत्नी निर्मला जोशी के साथ फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और संस्कृति से हमारे गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
कृषि मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधरोपण तक ही सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें संरक्षित भी करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित उत्तराखंड का निर्माण संभव होगा।
