July 16, 2026

केदारनाथ पैदल मार्ग पर खाई में गिरा युवक, एसडीआरएफ ने देर रात चलाया सफल रेस्क्यू अभियान

SDRF

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बुधवार देर रात एक युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) रुद्रप्रयाग से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि गौरीकुण्ड से करीब दो किलोमीटर आगे छोड़ी के समीप केदारनाथ पैदल मार्ग पर एक युवक गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट गौरीकुण्ड से टीम कमांडर आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF) और वाईएमएफ (YMF) के साथ समन्वय स्थापित कर सघन खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम और जोखिमभरे इलाके में जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए खाई में गिरे युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद घायल युवक को गौरीकुण्ड लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल युवक की पहचान मोहित रावत (25 वर्ष) पुत्र दर्शन रावत, निवासी ग्राम बड़ासू, रामपुर, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।

समयबद्ध और सफल रेस्क्यू अभियान के लिए स्थानीय प्रशासन एवं परिजनों ने एसडीआरएफ टीम की सराहना करते हुए जवानों के साहस और तत्परता की प्रशंसा की।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.