July 17, 2026

उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी

Weather

उत्तराखंड में आगामी कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, 17 जुलाई को कुमाऊं मंडल के अधिकांश हिस्सों और गढ़वाल के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 18 से 21 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। विशेष रूप से 18 जुलाई को बागेश्वर और देहरादून जनपद में अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, चट्टान गिरने और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा बना रह सकता है।

वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि 19 और 20 जुलाई को भी मौसम काफी सक्रिय रहेगा। इसे देखते हुए कुछ जनपदों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी संभावित आपदा से सुरक्षित रहा जा सके।

रोहित थपलियाल मौसम विभाग वैज्ञानिक देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.