देहरादून: ‘छात्रों की गूंज’ से पहले राहुल गांधी ने दिवंगत कार्यकर्ता के परिजनों को बंधाया ढांढस
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को अपने निर्धारित उत्तराखंड दौरे पर जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। स्वागत के बाद राहुल गांधी सीधे देहरादून के लिए रवाना हो गए।
देहरादून पहुंचने के बाद राहुल गांधी सबसे पहले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व हाल ही में हादसे में जान गंवाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
गौरतलब है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कार्यक्रम स्थल पर लोहे का पिलर गिरने से अमर सिंह मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इस हादसे के बाद कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई थी।
राहुल गांधी ने परिजनों से मुलाकात के दौरान घटना पर दुख जताया और दिवंगत कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
इसके बाद राहुल गांधी देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वे छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जबकि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
