July 18, 2026

स्कूल बस की टक्कर से ग्रामीण की मौत, चालक हिरासत में; परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

Accident

हरिद्वार जनपद के लालढांग क्षेत्र में एक निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम छा गया। परिजनों ने बस चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाने के साथ ही स्कूल प्रबंधन के रवैये पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लालढांग निवासी 41 वर्षीय हरकेश सिंह सैनी दवाई लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हिम्मतपुर ब्लॉक स्थित ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल की बस ने स्कूल से कुछ दूरी पर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि हरकेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई चंद्र मोहन ने आरोप लगाया कि बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद हरकेश का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन स्कूल प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने घटना के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई और परिजनों को सांत्वना देने तक कोई नहीं आया।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से बस चालक और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बस को भी जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंद्र मोहन
मृतक का भाई

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.