July 18, 2026

सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने बलपूर्वक उठाकर सफदरजंग अस्पताल में कराया भर्ती:अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे,

Delhi, 18 July 2026,

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 21 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने शनिवार तड़के बलपूर्वक उठाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वांगचुक पेपर लीक मामले की जांच और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं। जिसके बाद अन्य को भी जंतर-मंतर से बलपूर्वक हटा दिया गया।

पुलिस कार्रवाई के तुरंत बाद ही कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दिपके विरोध स्थल पर लौटे और उन्होंनें स्वयं भूख हड़ताल पर बैठ करके अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा कर दी। सोनम वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच, पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 21 दिनों से भूख हड़ताल पर थे। अनशन के दौरान उनका वजन काफी कम हो गया था और उनकी शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को केंद्र और दिल्ली सरकार को निर्देश दिया था कि वांगचुक का रोजाना मेडिकल चेकअप किया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें मेडिकल सहायता दी जाए। शनिवार तड़के भारी पुलिस बल और केंद्रीय बलों ने जंतर-मंतर पर पहुंचकर सफेद चादरों की ओट में वांगचुक को उठाया। इसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया़।

पुलिस कार्रवाई खत्म होने के कुछ ही देर बाद, काक्रोच जनता पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर पहुंचे और आरोप लगाया कि उनकी गैर-मौजूदगी में वांगचुक को वहाँ से हटा दिया गया था। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे भूख हड़ताल करके अपना विरोध जारी रखेंगे। अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि, जंतर-मंतर बैठे दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंकी।

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजिल ने एक्स पर लिखा, ”मैं दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हूँ, जहाँ सोनम वांगचुक को भर्ती कराया गया है. कृपया उन्हें मुँह के ज़रिए या नसों के माध्यम से कोई भी दवा या तरल पदार्थ तब तक न दिया जाए, जब तक मुझसे, उनके परिवार से और पिछले 20 दिनों से उनकी सेहत पर नज़र रख रहे डॉक्टरों से सहमति न ले ली जाए। गीतांजिल ने कहा, 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च तय कार्यक्रम के अनुसार निकाला जाएगा। सोनम की जगह मैं मार्च का नेतृत्व करुंगी।

डीसीपी नई दिल्ली के एक्स अकाउंट से कहा गया है, ”हाई कोर्ट के आदेश का पालन करने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की, जिससे हल्की अफ़रातफ़री की स्थिति बनी। पुलिस ने अधिकतम संयम बरतते हुए पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित ढंग से पूरा किया। हम जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अनुरोध करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्वक तरीक़े से ख़ाली कर दें।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.