ढंडेरा में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की हत्या, दूसरा घायल
रुड़की कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शनिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। यहां अज्ञात हमलावरों ने चार से पांच राउंड फायरिंग कर दो युवकों को निशाना बनाया। गोली लगने से 26 वर्षीय अमन की मौत हो गई, जबकि प्रशांत नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फायरिंग की घटना के बाद ढंडेरा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अमन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही वारदात के कारणों तथा आरोपियों के संबंध में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
