August 22, 2026

कांवड़ पटरी मार्ग पर भीषण हादसा, चार बाइकों की भिड़ंत में तीन की मौत, छह घायल

Accident

रुड़की के कलियर मार्ग स्थित कांवड़ पटरी पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब साढ़े दस बजे चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि चारों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। देर रात तक मृतकों और घायलों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने के साथ ही परिजनों से संपर्क करने में जुटी रही।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है। चारों मोटरसाइकिलें किस परिस्थिति में आमने-सामने टकराईं, इसका पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

हादसे के बाद कांवड़ पटरी मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ यातायात व्यवस्था को भी सामान्य कराया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.