August 22, 2026

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, सांसद-विधायकों और जिलाध्यक्षों से लिया फीडबैक

Meet

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित कर चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सभी संसदीय क्षेत्रों के सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों से क्षेत्रवार फीडबैक लिया गया। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए चुनावी रोडमैप तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर मंडल अध्यक्षों तक भी बैठकें हो चुकी हैं।

सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर

कुंदन परिहार ने बताया कि संगठन की बैठकों में मुख्य रूप से प्रदेश सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास करने पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संगठन और सरकार के कामकाज को जनता के बीच ले जाने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान का रास्ता निकालना है।

जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाकर सुनेंगे समस्याएं

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों में भाजपा के मंत्री, विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे। जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव तक लगातार जारी रहेंगे। पार्टी संगठन बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाएगा।

– कुन्दन सिंह परिहार, प्रदेश महामंत्री भाजपा

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.