August 24, 2026

श्रीनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद; चालक गिरफ्तार

police

पौड़ी पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार तड़के सघन चेकिंग के दौरान एक ईको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को सीज करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में रविवार तड़के पुलिस टीम आवास विकास ग्राउंड के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत हो रही ईको एंबुलेंस संख्या UK14-PA-0539 को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर नौ कट्टों में रखा 90 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट (45) निवासी चौरास, थाना कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार कर लिया।

रुद्रप्रयाग से गांजा लाकर श्रीनगर में बेचने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में उक्त एंबुलेंस का संचालन करता है। वह अपने एक सहयोगी के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर एंबुलेंस के माध्यम से श्रीनगर ला रहा था। यहां गांजे को अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा संख्या 53/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस अब पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्तियों और इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.