August 24, 2026

शटडाउन से पहले बिजली के पोल पर चढ़ा संविदाकर्मी, 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से मौत

Hospital

नैनीताल जिले के कालाढुंगी क्षेत्र में रविवार को बिजली की लाइन ठीक करने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन में ठेकेदारी के तहत कार्यरत 25 वर्षीय चंद्रभान की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिवार में भी कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार चंद्रभान धमोला, कालाढुंगी का निवासी था और बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन में ठेकेदारी के तहत कार्य करता था। रविवार सुबह गैबुआ क्षेत्र में बिजली की लाइन में खराबी आ गई थी। खराबी को ठीक करने के लिए चंद्रभान बिजली के पोल पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान पोल के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।

करंट लगने के बाद चंद्रभान पोल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए रामनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले को लेकर बिजली विभाग के जेई मनोहर सिंह ने बताया कि हादसा शटडाउन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले कर्मचारी के पोल पर चढ़ जाने के कारण हुआ। उनके अनुसार नीचे मौजूद कर्मचारी शटडाउन लेने की प्रक्रिया में था, लेकिन उससे पहले ही चंद्रभान पोल पर चढ़ गया। इसी दौरान उसके सिर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से उसका संपर्क हो गया और करंट लगने के बाद वह नीचे गिर गया।

जेई ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

हादसे के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा और शटडाउन प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हाईटेंशन लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया का सख्ती से पालन कितना जरूरी है, यह हादसा उसकी गंभीरता को सामने लाता है। फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर मामले की कार्रवाई जारी है।

मनोहर सिंह,
जे•ई• बिजली विभाग

डॉ • हर्ष
सरकारी चिकित्सक

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.