Recent Posts

October 11, 2026

देहरादून : BAMS छात्रों का प्रदर्शन, पानी की टंकी पर चढ़े तीन छात्र

protest

उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय में बीएएमएस 2019-2022 बैच के छात्रों ने परीक्षा परिणाम जारी करने और लंबित परीक्षाएं जल्द कराने की मांग को लेकर सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान तीन छात्र पेट्रोल की बोतल लेकर परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए और आत्मदाह की चेतावनी देने लगे।

छात्रों ने कुलसचिव से मौके पर वार्ता करने की मांग की। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को एक घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।

छात्रों का आरोप है कि कई विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम करीब ढाई साल से लंबित हैं। परिणाम जारी नहीं होने के कारण उनकी आगे की परीक्षाएं, उच्च शिक्षा और करियर प्रभावित हो रहा है। छात्रों का कहना है कि बीएएमएस की पढ़ाई में लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद समय पर परिणाम नहीं मिलने से उनका शैक्षणिक भविष्य अधर में लटक गया है।

छात्रों के मुताबिक, पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताया है। बार-बार प्रदर्शन के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

तीन छात्रों के टंकी पर चढ़ने और उनके पास पेट्रोल की बोतल होने की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। वहीं, छात्रों की मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.