September 15, 2026

शांतरशाह में बाइक मिस्त्री की गोली मारकर हत्या, हायर सेंटर ले जाते समय मौत

Crime

हरिद्वार के शांतरशाह क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दुकान पर बैठे 26 वर्षीय युवक हैप्पी पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने दो फायर किए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हैप्पी को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हैप्पी शांतरशाह क्षेत्र में अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां चलाने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही हैप्पी जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। हायर सेंटर ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

फिलहाल गोलीकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान के साथ ही हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.