September 16, 2026

नैनीताल में 124वां नंदा सुनंदा महोत्सव 16 सितंबर से, झोड़ा और छोलिया रहेंगे आकर्षण

Nanda-Sunanda

नैनीताल। सरोवर नगरी में आस्था और संस्कृति का प्रतीक 124वां श्री नंदा सुनंदा देवी महोत्सव 16 से 23 सितंबर तक श्री राम सेवक सभा के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन एवं श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने मीडिया को महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को महोत्सव का उद्घाटन होगा। इसी दिन कदली वृक्ष लेने के लिए भक्तों का दल मंगोली रवाना होगा।

17 सितंबर को कदली वृक्ष का सूखाताल और तल्लीताल वैष्णव देवी मंदिर में स्वागत एवं पूजन किया जाएगा। इसके बाद भव्य जुलूस के साथ कदली वृक्ष का नगर भ्रमण कराया जाएगा। 18 सितंबर को कदली वृक्ष से देवी प्रतिमाओं के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसी दिन दोपहर में स्कूली बच्चों की क्विज और लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

19 सितंबर को नंदा अष्टमी के अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में देवी प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही देवी पूजन का क्रम शुरू होगा।

महोत्सव के दौरान 19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे पंचआरती, प्रसाद वितरण, देवी पूजन और देवी भोग का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ राम सेवक सभा प्रांगण और तल्लीताल डांट पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

20 सितंबर को नवमी के अवसर पर दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और कन्या पूजन किया जाएगा। 21 सितंबर को डीएसए मैदान में दोपहर एक बजे से महाभंडारे का आयोजन होगा। वहीं 22 सितंबर को सुंदरकांड और नंदा चालीसा पाठ के साथ शाम सात बजे नैनी झील में दीपदान किया जाएगा।

महोत्सव के अंतिम दिन 23 सितंबर को देवी पूजन के बाद दोपहर 12 बजे भव्य डोला नगर भ्रमण पर निकलेगा। इसके बाद शाम को ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

इस वर्ष महोत्सव में स्कूली बच्चों की झांकी, छोलिया दल और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा स्थानीय महिलाओं की ओर से प्रस्तुत किया जाने वाला पारंपरिक ‘झोड़ा’ भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। आयोजकों ने बताया कि धार्मिक आस्था के साथ कुमाऊं की लोक संस्कृति और परंपराओं को भी महोत्सव के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

मुकेश जोशी पूर्व अध्यक्ष श्री राम सेवक सभा एवं चेयरमैन नगर पालिका परिषद नैनीताल

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.