September 16, 2026

भू-माफिया पर सीएम धामी का बड़ा एक्शन प्लान, बोले- जमीन फर्जीवाड़ा किया तो होगी कड़ी कार्रवाई

CM

उत्तराखंड में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और भू-माफिया की बढ़ती शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की मेहनत की कमाई को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भू-माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर जमीन फर्जीवाड़े की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। भू-माफिया कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों की जमीन पर कब्जा करने और उनकी मेहनत की कमाई हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे मामलों को सरकार गंभीरता से ले रही है।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी भू-माफिया सक्रिय हैं, वहां तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कई मामले सीधे उनके संज्ञान में भी आए हैं। इन मामलों में जिलाधिकारियों से लेकर पुलिस कप्तानों तक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी आम व्यक्ति की मेहनत की कमाई का गबन, जमीन पर अवैध कब्जा या दस्तावेजों में किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य प्रदेश में भू-माफिया के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसके लिए प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करनी होगी। जमीन से जुड़े मामलों में पीड़ित लोगों की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश में कानून का राज सर्वोच्च है और किसी भी व्यक्ति को फर्जीवाड़े या दबंगई के बल पर आम लोगों की संपत्ति हड़पने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार भू-माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.