September 17, 2026

पुलिस को देखकर बाइक मोड़ी और गिर पड़ा वाहन चोर, झाड़ियों से मिलीं 8 चोरी की बाइकें

Crime

हरिद्वार। वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। किर्बी चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने की कोशिश कर रहा संदिग्ध सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। जांच में उसके कब्जे से मिली बाइक सिडकुल थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से जुड़ी निकली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहादराबाद क्षेत्र के दौलतपुर निवासी 30 वर्षीय श्रवण के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई आठ और मोटरसाइकिलें तथा एक बाइक के पार्ट्स बरामद किए गए।

एसपी क्राइम निशा यादव के अनुसार आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी की गाड़ियों को छिपाने के लिए बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार श्रवण के खिलाफ हरिद्वार के लक्सर, बहादराबाद, सिडकुल और कलियर के अलावा देहरादून के डोईवाला तथा उत्तर प्रदेश के देवबंद में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के मामले भी दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी की है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चल रही चेकिंग के दौरान हुई इस कार्रवाई को पुलिस वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और उसके फरार साथी के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि इनमें से कितनी बाइकें किन-किन क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।

निशा यादव एसपी क्राइम

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.