25 साल बाद फिर दौड़ी श्रीनगर-हल्द्वानी बस, गढ़वाल-कुमाऊं के यात्रियों को बड़ी राहत
पौड़ी। उत्तराखंड परिवहन निगम ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल को जोड़ने वाली श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार-हल्द्वानी बस सेवा को करीब 25 साल बाद फिर से बहाल कर दिया है। इस बस सेवा के दोबारा शुरू होने से दोनों मंडलों के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अविभाजित उत्तर प्रदेश के दौर में यह बस सेवा पौड़ी से भवाली तक संचालित होती थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया था। लंबे समय से स्थानीय लोग इस ऐतिहासिक बस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहे थे।
बताया गया कि स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से बस सेवा बहाल करने का मामला उठाया था। हालांकि, शुरुआत में इस मांग को खारिज कर दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पौड़ी जिलाधिकारी के जनता दरबार में ऐतिहासिक साक्ष्यों के साथ बस सेवा की आवश्यकता को सामने रखा।
मामले पर गंभीरता से विचार करने के बाद संबंधित अधिकारियों ने परिवहन निगम को बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद निगम ने श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार-हल्द्वानी मार्ग पर बस सेवा बहाल कर दी है।
रोडवेज के वरिष्ठ अधिकारी वरुण सबरवाल ने बस सेवा बहाल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल बस का संचालन हल्द्वानी तक किया जा रहा है। जल्द ही इसका विस्तार नैनीताल तक किए जाने की योजना है।
करीब ढाई दशक बाद इस मार्ग पर रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू होने से पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और कुमाऊं क्षेत्र के बीच सीधा सार्वजनिक परिवहन संपर्क मजबूत होगा। स्थानीय लोगों ने सेवा बहाल होने पर खुशी जताई है और उम्मीद जताई है कि इसका नियमित संचालन आगे भी जारी रहेगा।
