बद्रीनाथ धाम में आस्था का नया रिकॉर्ड, पहली बार 17.79 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। यात्रा शुरू होने के 153 दिनों में 17,79,805 श्रद्धालु बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही धाम की यात्रा के इतिहास में अब तक के पुराने रिकॉर्ड भी टूट गए हैं।
22 सितंबर तक बद्रीनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 17,79,805 पहुंच गई। इससे पहले वर्ष 2025 में 17,78,298 श्रद्धालुओं के बद्रीनाथ पहुंचने का रिकॉर्ड था। इस वर्ष यह आंकड़ा भी पार हो गया है। मंगलवार को भी 6,685 श्रद्धालुओं ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए।
यात्रा सीजन में अभी कपाट बंद होने में करीब डेढ़ से पौने दो महीने का समय शेष है। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। लगातार बढ़ रही तीर्थयात्रियों की संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देवभूमि के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दूसरे चरण में यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बद्रीनाथ धाम को उसके धार्मिक और पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। धाम में चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बद्रीनाथ धाम में हर वर्ष देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या ने एक बार फिर बद्रीनाथ धाम की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित किया है।