उत्तराखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, राम माधव बने नए प्रभारी; कांग्रेस ने उठाए सवाल
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां तय की हैं। पार्टी ने वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम की तैनाती को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले दुष्यंत गौतम उत्तराखंड के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
भाजपा की नई टीम की घोषणा के बाद कांग्रेस ने नियुक्तियों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने राम माधव और बांसुरी स्वराज को लेकर पुराने विवादों और सार्वजनिक रूप से सामने आए आरोपों का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
गरिमा दसौनी ने पूर्व जम्मू-कश्मीर राज्यपाल सत्यपाल मलिक द्वारा राम माधव को लेकर लगाए गए आरोपों का भी उल्लेख किया। हालांकि, राम माधव ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए मानहानि की कार्रवाई की थी। कांग्रेस प्रवक्ता ने सांसद बांसुरी स्वराज के वकील के तौर पर करियर और वर्ष 2015 में सामने आए ललित मोदी से जुड़े पुराने विवाद का भी मुद्दा उठाया। उस समय ललित मोदी ने एक इंटरव्यू में बांसुरी स्वराज के उनकी वकील रह चुकी होने की बात कही थी।
कांग्रेस ने भाजपा के पूर्व संगठनात्मक पदाधिकारियों को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पार्टी के कई नेताओं पर अलग-अलग समय में विवाद और आरोप सामने आते रहे हैं। कांग्रेस ने नई नियुक्तियों को लेकर भाजपा से जवाब मांगा है।
गरिमा दसौनी, मुख्य प्रवक्ता कांग्रेस
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को बताया बेबुनियाद
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई नया मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नई टीम की घोषणा होते ही कांग्रेस ने प्रभारी और सह-प्रभारियों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया।
मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि भाजपा अपने संगठनात्मक दायित्वों के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नई टीम में संगठनात्मक अनुभव, चुनावी प्रबंधन और राजनीतिक संवाद से जुड़ी जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
मथुरा दत्त जोशी, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा
25 सितंबर को देहरादून में पहली बड़ी बैठक
भाजपा की नई टीम की पहली बड़ी बैठक 25 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, चुनावी रणनीति और पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा होने की संभावना है। नई टीम के सामने प्रदेश संगठन को चुनावी तैयारियों के लिहाज से सक्रिय करने के साथ-साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की चुनौती भी रहेगी।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के बीच संगठनात्मक बदलाव को दोनों दलों की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
