CM धामी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर किया नमन, बोले- अंतिम छोर तक पहुंचे विकास का लाभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता महान विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उत्थान को विकास का आधार माना। उनका अंत्योदय का विचार समाज के समग्र और समावेशी विकास के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगा।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार इसी उद्देश्य के साथ योजनाओं को धरातल पर लागू कर रही है, ताकि विकास की मुख्यधारा से वंचित लोगों को भी इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के विकास के लिए प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समावेशी विकास और अंत्योदय की भावना को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
