October 7, 2026

रुड़की में अवैध तमंचे से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

Roorke

सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में एक युवक का अवैध तमंचे से हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में एक युवक खेत के किनारे हाथ में कथित तौर पर अवैध देशी तमंचा लिए नजर आ रहा है। वीडियो में युवक पहले तमंचे को खोलकर उसमें कारतूस लोड करता दिखाई देता है। इसके बाद वह तमंचे को आसमान की ओर तानकर फायरिंग करता है।

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने के साथ ही उसकी तलाश में जुटी है।

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि युवक ने सोशल मीडिया पर रील बनाने और दबंगई दिखाने के लिए हथियार का प्रदर्शन किया। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास अवैध तमंचा कहां से आया और फायरिंग की घटना कब की है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और युवक की पहचान की पुष्टि के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.