October 22, 2026

देहरादून में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ दशहरा पर्व, सुरक्षा व्यवस्था पर SSP की रही नजर

Dussehra

राजधानी देहरादून में दशहरा पर्व के अवसर पर परेड ग्राउंड, दशहरा ग्राउंड प्रेमनगर, सहस्त्रधारा रोड समेत सभी थाना क्षेत्रों में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुए। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देश पर सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई थी। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीमें भी तैनात रहीं।

ड्रोन और CCTV से की गई निगरानी

दशहरा कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आयोजन स्थलों पर बैरिकेडिंग और बैरियर लगाए गए थे।

पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस की मुस्तैदी के चलते सभी आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुए।

परेड ग्राउंड पहुंचकर SSP ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

दशहरा पर्व के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून स्वयं परेड ग्राउंड में मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का निरीक्षण किया।

दून पुलिस की ओर से किए गए सुरक्षा इंतजामों के बीच राजधानी में दशहरा पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.