October 22, 2026

गंगोत्री विहार में 2.04 करोड़ की लागत से बनेगा नलकूप, जल संकट से मिलेगी राहत

Dehradun

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 05 घोरणखास स्थित गंगोत्री विहार में पेयजल संकट दूर करने की दिशा में कदम उठाया गया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नलकूप निर्माण एवं संबंधित कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 204.02 लाख रुपये यानी करीब 2.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि गंगोत्री विहार क्षेत्र में लंबे समय से जल संकट की समस्या बनी हुई थी। स्थानीय निवासियों की परेशानी को देखते हुए नलकूप निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जिन योजनाओं का शिलान्यास किया जाए, उनका निर्माण कार्य पूरा कर लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

मंत्री ने विश्वास जताया कि नलकूप निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गंगोत्री विहार क्षेत्र के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.