चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड, 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन: सीएम धामी
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अब समापन की ओर बढ़ रही है। इस वर्ष चारों धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। अब तक 60 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की इस रिकॉर्ड संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन पर खुशी जाहिर की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार की कृपा से इस वर्ष चारधाम यात्रा बेहद अच्छे और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई है। उन्होंने कहा कि यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या प्रदेश के लिए खुशी की बात है। यह उत्तराखंड के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को भी दर्शाती है।
सीएम धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ आने वाले वर्षों में यात्रा को और बेहतर, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। इसके लिए यात्रा मार्गों, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि चारधाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले। रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना प्रदेश के पर्यटन और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
