उत्तराखंड में कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू, प्रीतम सिंह ने धामी सरकार को घेरा
उत्तराखंड में कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ न्याय यात्रा की शुरुआत कर दी है। देहरादून में चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया। कांग्रेस इस यात्रा के जरिए कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक और अधूरे विकास कार्यों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। पार्टी के मुताबिक, यात्रा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में संचालित की जाएगी और विधानसभा स्तर पर जनता के बीच जाकर सरकार की कमियों को उजागर किया जाएगा।
न्याय यात्रा की शुरुआत के दौरान विधायक प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, कथित वीआईपी प्रकरण और आबकारी विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेशभर में न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया है, ताकि जनता के बीच जाकर महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया जा सके।
प्रीतम सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच और कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर अब भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस इस मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी और पेपर लीक की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने बेरोजगार युवाओं से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से जांच कराने की बात कहे जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित तेजी दिखाई नहीं दे रही है।
आबकारी विभाग के कथित भ्रष्टाचार पर भी उठाए सवाल
प्रीतम सिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि विपक्ष जब सरकार पर आरोप लगाता है तो उन्हें राजनीतिक बताकर खारिज कर दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता भी भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने आबकारी विभाग में कथित वसूली से जुड़े वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने और आरोपों की जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस का कहना है कि न्याय यात्रा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनता से संवाद किया जाएगा और स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ राज्यस्तरीय मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। यात्रा के अलग-अलग चरणों में पार्टी के वरिष्ठ नेता नेतृत्व करेंगे।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बाइट भी निर्धारित है। कांग्रेस की न्याय यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रीतम सिंह, विधायक, चकराता
हरीश रावत पूर्व मुख्यमंत्री
