देहरादून में दिव्यांग मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान, 2027 चुनाव की तैयारी तेज
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने दिव्यांग मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत दिव्यांगजनों को मताधिकार के महत्व, मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन के दौरान उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर चुनाव में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 21 अक्टूबर को डालनवाला स्थित गांधी शताब्दी अस्पताल में दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने के साथ मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला स्वीप टीम ने दिव्यांगजनों को निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी के महत्व और सुगम, सुलभ एवं समावेशी मतदान व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
वहीं, 22 अक्टूबर को जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में खंड विकास कार्यालय, डोईवाला में दिव्यांगजनों के लिए मतदाता साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन कार्यालय, समाज कल्याण विभाग और चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में दिव्यांगजनों को मतदान प्रक्रिया, मतदाता साक्षरता और निर्वाचन संबंधी सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया।
बिना बाधा मतदान सुनिश्चित करने पर जोर
शिविर में जिला स्वीप टीम ने स्टॉल लगाकर जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया। टीम के सदस्यों ने दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इसके लिए दिव्यांगजनों सहित समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाने और मतदान को अधिक सुलभ एवं समावेशी बनाने के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
