October 23, 2026

शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित हुए मेधावी छात्र-छात्राएं, मंत्री गणेश जोशी ने बढ़ाया उत्साह

Awards

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने जनपद देहरादून में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर के विद्यार्थियों का हॉकी में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विधायक निधि से हॉकी किट सहित अन्य खेल सामग्री प्रदान की, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

मेहनत और अनुशासन का सम्मान है पुरस्कार

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार योजना अंत्योदय की भावना का जीवंत प्रतीक है। यह योजना ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल पदक या प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर के विद्यार्थियों का हॉकी में राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय की शैक्षणिक और खेल गतिविधियों की उपलब्धियों को दर्शाता है। सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की ऐसी सफलताएं शिक्षकों के राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति विश्वास को मजबूत करती हैं।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उत्तराखंड को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य केवल साक्षरता बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी शिक्षा, खेल, विज्ञान और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित न हो।

विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान

कैबिनेट मंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों को अंतिम पड़ाव नहीं मानना चाहिए, बल्कि इन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और अग्रणी उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में आज के विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए शिक्षा, अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.