उत्तराखंड में बसपा को झटका, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नत्थूराम 167 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हरिद्वार से आए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नत्थूराम ने अपने 167 समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कई जिला अध्यक्ष और प्रदेश स्तर पर काम कर चुके नेता शामिल हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।
इस दौरान महेंद्र भट्ट ने कहा कि बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उनके समर्थकों का भाजपा में शामिल होना इस बात का संकेत है कि समाज के गरीब और वंचित वर्गों को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों की चिंता करने वाली सरकार है और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनाना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं और नए सदस्यों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की गति को आगे बढ़ा रहा है और इसी विश्वास के साथ दूसरे दलों के नेता भाजपा से जुड़ रहे हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि आने वाले दिनों में बसपा के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़े कई लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
वहीं, हरिद्वार से आए डॉ. नत्थूराम और उनके समर्थकों के भाजपा में शामिल होने को प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की राजनीतिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा अब नए सदस्यों के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में जीत की रणनीति को धार देने में जुटी है।
महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
डॉ. नत्थूराम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, बसपा
