बद्रीनाथ से लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना, 6 लोग सवार
चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर जोशीमठ के चाय गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास पहाड़ी क्षेत्र में क्रैश हुआ। पुलिस के मुताबिक, एसडीएम जोशीमठ की ओर से दोपहर 2:21 बजे हेलिकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना मिली थी। यूकाडा कर्मचारियों ने भी चाय गांव के ऊपर हेलिकॉप्टर की लोकेशन मिलने की जानकारी दी थी। इसके बाद एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमें दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि चाय गांव, जोशीमठ के निकट हेलिकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने यात्रियों के सकुशल होने की कामना की है।
फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। हेलिकॉप्टर में सवार यात्रियों और पायलट की स्थिति तथा हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
