उत्तरकाशी में स्वच्छता अभियान के तहत 20 चालान, सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी कार्रवाई
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट की ओर से नगर क्षेत्र में स्वच्छता और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 चालान किए गए।
अभियान के तहत गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का पालन नहीं करने पर 18 चालान किए गए, जबकि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और विक्रय पर दो चालान की कार्रवाई की गई।
इस दौरान नगर पालिका की टीम ने व्यापारियों और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दुकानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया।
व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों को हिदायत दी गई कि सड़क और नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें तथा नालियों को कचरे से अवरुद्ध न करें। कूड़ा केवल निर्धारित डस्टबिन में डालने और नगर पालिका की कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से नगर की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने की अपील की। साथ ही उत्तरकाशी को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
