अमित शाह के दौरे को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज, 6 नवंबर को पुलिस लाइन में होगा विशेष आयोजन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर शासन और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य स्थापना सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम में गृहमंत्री की सहभागिता प्रस्तावित है। दौरे को लेकर अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हैं। अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगले एक से दो दिनों में सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पुलिस लाइन देहरादून में विशेष आयोजन किया जाएगा। इसमें उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही नियमित परेड का भी आयोजन होगा। इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्य सचिव ने बताया कि गृहमंत्री के दौरे को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
आनंद वर्द्धन, मुख्य सचिव।
